चमोली। बदरीनाथ धाम में यात्रा एवं यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिस और सेना के बीच विवाद का मामला सामने आया है। यातायात व्यवस्था को लेकर ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान और सेना के मेजर के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। पुलिस का आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बनी। मामले में बदरीनाथ थाना पुलिस ने आर्मी मेजर समेत 15 सेना के जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यातायात व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद
चमोली पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्था के लिए पुलिस और होमगार्ड जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर एक होमगार्ड जवान की सेना के मेजर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मेजर ने सेना के अन्य जवानों को मौके पर बुला लिया।
बताया जा रहा है कि सेना के जवानों ने होमगार्ड जवान को वाहन में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान चीता पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
बदरीनाथ थाने पहुंचे कई सेना के जवान
घटना के बाद सेना के करीब 10 से 15 जवान बदरीनाथ थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की। चमोली पुलिस के मुताबिक, कांस्टेबल 58 एपी विजय सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर रात करीब 10:25 बजे बदरीनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
बदरीनाथ थाना पुलिस ने मेजर समेत 15 अन्य सेना के जवानों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी मामले की पुष्टि की है। पुलिस फिलहाल घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
“आर्मी मेजर समेत 15 अन्य जवानों के खिलाफ बदरीनाथ थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
— मदन बिष्ट, सीओ, चमोली
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
