30 योजनाओं का शिलान्यास और 8 का लोकार्पण, स्थायी कॉलेज भवन, मिनी स्टेडियम और सड़क निर्माण की भी घोषणा
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के बर्नीगाड़ में करीब 217 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 30 योजनाओं का शिलान्यास और आठ योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ भी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु जनसेवा शिविर में शामिल हुए। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ के स्थायी भवन एवं परिसर का निर्माण जल्द शुरू करने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने और बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा बड़कोट और चिन्यालीसौड़ के राजकीय महाविद्यालयों को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक पुल और सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की बात कही।
194 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 30 विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के पुरोला खंड के 18 कार्यों के लिए करीब 176.87 करोड़ रुपये शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग बड़कोट के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये और सिंचाई खंड पुरोला के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले आठ विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें पीएमजीएसवाई पुरोला खंड के तीन कार्यों पर 18.76 करोड़ रुपये, समग्र शिक्षा के तीन कार्यों पर 1.25 करोड़ रुपये, माध्यमिक शिक्षा के एक कार्य पर 1.36 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग बड़कोट के एक कार्य पर 97 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क, शिक्षा और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उच्च शिक्षा और खेल सुविधाओं पर जोर
राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का शुभारंभ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे आसपास के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है और स्थायी भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।


जनसेवा शिविर में लाभार्थियों को बांटे चेक और उपकरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरित किए तथा अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से प्रशासन को जनता के बीच पहुंचाकर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
महिला सशक्तीकरण और रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उनके अनुसार, राज्य में तीन लाख दस हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सिलाई-बुनाई, हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क तथा रोजगार की सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, पर्यटन विकास और राज्य में लागू विभिन्न कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ जनसुरक्षा और विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
