देहरादून में 250 से अधिक विभागों ने नहीं दिया कर्मचारियों का ब्योरा, विभागाध्यक्षों पर FIR की तैयारी

विधानसभा चुनाव-2027 की निर्वाचन ड्यूटी के लिए प्रशासन ने मांगी थी कर्मचारियों की सूची, अब तक केवल 12 हजार कार्मिकों का विवरण मिला; डीएम आशीष चौहान ने दिखाई सख्ती

देहरादून। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच देहरादून जिला प्रशासन ने निर्वाचन ड्यूटी के लिए कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले सरकारी विभागों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिले के 250 से अधिक विभागों ने अब तक अपने कर्मचारियों की सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई है। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम (आरपी एक्ट)-1950 के तहत मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने केंद्र और राज्य सरकार के सभी विभागों, कार्यालयों और संस्थानों से वहां कार्यरत कर्मचारियों का पूरा विवरण मांगा था। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कई विभागों ने तय समय सीमा में सूची नहीं भेजी, जबकि कुछ विभागों की ओर से अधूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

23 हजार कर्मचारियों की जरूरत, अब तक 12 हजार का ही ब्योरा

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा के अनुसार, जिले में करीब 500 विभागों ने अब तक अपने कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराया है, जबकि 250 से अधिक विभागों ने सूची नहीं भेजी है। कई विभागों से मिली जानकारी भी अधूरी है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव-2027 के लिए रिजर्व कार्मिकों सहित विभिन्न निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए जिले में करीब 23 हजार कर्मचारियों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। इसके मुकाबले अभी तक केवल 12 हजार कर्मचारियों का ही विवरण प्राप्त हुआ है। शेष कर्मचारियों की जानकारी नहीं मिलने से निर्वाचन ड्यूटी के लिए कार्मिकों की उपलब्धता का आकलन करने में परेशानी आ रही है।

विभागाध्यक्षों को तत्काल सूची देने के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित प्रारूप में कर्मचारियों का पूरा और अद्यतन विवरण तत्काल निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही विभागाध्यक्षों को स्वयं सूची की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उपलब्ध कराई गई जानकारी पूरी और सही हो।

डीएम ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय पर कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *