सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी मोबाइल डेमो वैन, जिला मुख्यालयों पर बनाए गए प्रदर्शन केंद्र; मतदाता खुद समझ सकेंगे वोट डालने की प्रक्रिया
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राज्यभर में ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के इस्तेमाल को लेकर जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन तैनात की गई हैं। इनके माध्यम से आम मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2027 में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के लिए मशीनों का चयन किया गया है। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार 974 बैलेट यूनिट (बीयू), 974 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 974 वीवीपैट मशीनें इस अभियान के लिए निकाली गई हैं। इन मशीनों की सूची राजनीतिक दलों के साथ भी साझा की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अलग निर्धारित गोदाम में सुरक्षित रखा जाएगा।

जिला मुख्यालयों पर बनाए गए डेमो सेंटर
मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालय पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम लोग मशीनों का व्यावहारिक प्रदर्शन देख सकेंगे और यह समझ सकेंगे कि ईवीएम के जरिए वोट कैसे डाला जाता है तथा वीवीपैट में मतदान की पर्ची किस तरह दिखाई देती है।
इसके अलावा मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) राज्य की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में भेजी गई हैं। ये वैन मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों, वार्डों और विभिन्न क्लस्टरों तक पहुंचकर लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देंगी।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक जारी रहेगा अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने तक ईवीएम और वीवीपैट को लेकर यह व्यावहारिक जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।
अभियान की प्रगति पर नजर रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों को नियमित रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें यह जानकारी शामिल होगी कि कितने मतदान केंद्रों तक जागरूकता कार्यक्रम पहुंचा, कितने लोगों ने प्रदर्शन देखा और कितने मतदाताओं ने मॉकपोल यानी दिखावटी मतदान में हिस्सा लिया। यह रिपोर्ट साप्ताहिक या पाक्षिक आधार पर निर्धारित प्रारूप में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।
अलग-अलग जिलों में अलग तारीखों से शुरू हुआ अभियान
राज्य के विभिन्न जिलों में जन-जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत अलग-अलग तारीखों से की गई है। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चम्पावत में 16 नवंबर से अभियान शुरू हुआ। टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल में 18 नवंबर से, चमोली में 20 नवंबर से तथा उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर में 21 नवंबर से कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग जिले में इसकी शुरुआत 25 नवंबर 2026 से हुई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया को समझें और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
