हल्द्वानी में गीजर ठीक करने के बहाने सोने के कड़े चोरी, मसूरी के स्कूल की लैब से लाखों के उपकरण गायब

हल्द्वानी में आरोपी गिरफ्तार, पांच तोले के कड़े और 2.29 लाख रुपये बरामद; मसूरी में चोरों ने बिजली काटकर तोड़े लैब के ताले और सीसीटीवी कैमरे

देहरादून। उत्तराखंड में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। हल्द्वानी में गीजर ठीक करने के बहाने घर पहुंचे एक व्यक्ति ने अलमारी से सोने के दो कड़े चोरी कर लिए। वहीं, मसूरी के अटल उत्कृष्ट राजकीय घनानंद इंटर कॉलेज की केमिस्ट्री लैब से चोर लाखों रुपये के कीमती उपकरण और अन्य सामान ले उड़े। हल्द्वानी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के जेवर और नकदी बरामद कर ली है, जबकि मसूरी की घटना में पुलिस जांच में जुटी है।

हल्द्वानी के गुरुनानकपुरा क्षेत्र में 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति गीजर ठीक करने के बहाने अतुल नागपाल के घर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान उसने घर की अलमारी में रखे सोने के दो कड़े चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गया। कई दिन बाद 25 नवंबर को पीड़ित ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी और फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद के रूप में की। पुलिस टीम ने 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले वजन के सोने के दो कड़े बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पता चला कि उसने चोरी के आभूषण बेच दिए थे। पुलिस ने गहने बेचकर मिली रकम में से 2 लाख 29 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। एसएसपी ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

उधर, मसूरी के अटल उत्कृष्ट राजकीय घनानंद इंटर कॉलेज की केमिस्ट्री लैब में भी चोरी की वारदात हुई। देर रात चोरों ने लैब के दोनों कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों में रखे कीमती उपकरण और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

बताया गया कि वारदात से पहले चोरों ने बिजली का कनेक्शन काट दिया और सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह लैब प्रभारी के कॉलेज पहुंचने पर चोरी का पता चला। उन्होंने तत्काल प्रधानाचार्य रवि उनियाल को इसकी जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने 112 के माध्यम से मसूरी पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *