हल्द्वानी बनभूलपुरा में शिक्षक के घर से AK-47 व दो तमंचे बरामद, पुलिस अलर्ट

हल्द्वानी;

हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक घर से 02 देशी तमंचे, कई जिंदा कारतूस और प्रतिबंधित AK-47 का एक कारतूस मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस भी इससे सकते में आ गई।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब बनभूलपुरा रेलवे भूमि प्रकरण पर 24 फरवरी को Supreme Court of India में सुनवाई प्रस्तावित है। सुनवाई से पहले संवेदनशील क्षेत्र में हथियार मिलने को पुलिस गंभीरता से ले रही है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है। इसके बाद बनभूलपुरा थाना पुलिस ने टीम गठित कर छापा मारा। तलाशी के दौरान अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे गए हथियार बरामद हुए।

बरामद सामग्री में—
315 बोर का एक तमंचा और 02 कारतूस
12 बोर का एक तमंचा और 04 कारतूस
7.62 एमएम का एक कारतूस (AK-47 में प्रयुक्त)
7.65 एमएम के 10 कारतूस शामिल हैं।

आरोपी का आपराधिक व सेवा रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपित मोबिन खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि वह पूर्व में पॉक्सो (POCSO) मामले में जेल जा चुका है। इसी प्रकरण के चलते उसे नैनीताल के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक पद से बर्खास्त कर दिया गया था। हाल ही में वह जेल से छूटकर घर लौटा था।

परिवारजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी अक्सर हथियार दिखाकर उन्हें डराता-धमकाता था। उसकी मानसिक स्थिति पर भी सवाल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है। छापेमारी के दौरान उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश भी की, जिसे समय रहते रोक लिया गया।

कानूनी कार्रवाई और जांच
पुलिस ने बर्खास्त शिक्षक मोबिन के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और 7/25 (1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित कारतूस उसे कहां से मिला और उसका संभावित उद्देश्य क्या था । संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *