देहरादून दौरे से पहले PM मोदी के लिए हाई अलर्ट, रूट 13 जोन में बंटा

देहरादून:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के सम्मान में पूरे भ्रमण मार्ग पर आमजन के स्वैच्छिक सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने चिन्हित स्थानों पर पेयजल यातायात प्रबंधन पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गढ़ीर्केट स्थित महेन्द्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल में बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, हल्के जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा।
प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण प्रस्तावित है। प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ीर्केट तक पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित कर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है। भ्रमण मार्ग के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्ता नमामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्ता प्रवीन कुमार, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *