रुद्रपुर जिला अस्पताल में युवक की हत्या का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में इमरजेंसी वार्ड के बाहर हुए खूनी संघर्ष में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घटना के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच मोबाइल कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया।

बताया गया कि अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। इमरजेंसी वार्ड के बाहर दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। इसी दौरान हमलावरों ने नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल नितेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना में अस्पताल परिसर में तैनात एक पीआरडी जवान भी घायल हो गया, जिसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से वैज्ञानिक तरीके से जांच की। साथ ही अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, फुटेज में वारदात के दौरान छह से सात लोगों की मौजूदगी सामने आई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। जांच में पता चला कि आरोपी बरेली के भोजीपुरा की ओर फरार होने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, देर रात आरोपी को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में लाया जा रहा था। इसी दौरान विकास कुमार ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

एसएसपी ने बताया कि अब तक इस मामले में विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार, तीनों निवासी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा थाना पुलिस, दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *