केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने किया योजना का शुभारंभ, 24 राज्यों के 100 जिलों में युवतियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर रहेगा जोर
हरिद्वार। युवा महिलाओं और किशोरियों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने नव्या 2.0 पहल की शुरुआत की है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से इस योजना का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 100 जिलों की युवतियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।

नव्या (NAVYA) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य किशोरियों और युवा महिलाओं को रोजगार के नए अवसरों के अनुरूप प्रशिक्षित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। नव्या 2.0 में पात्रता की आयु सीमा 16 से 18 वर्ष के स्थान पर बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। प्रशिक्षण उद्योगों की जरूरतों और उभरते हुए गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों के अनुसार दिया जाएगा।
योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों को नौकरी, अप्रेंटिसशिप और अपना उद्यम शुरू करने के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। जिला स्तर पर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी। वहीं स्किल इंडिया डिजिटल हब के माध्यम से अभ्यर्थियों को पंजीकरण से लेकर प्रमाणन तक सहायता मिलेगी और उनके प्रशिक्षण की प्रगति पर भी निगरानी रखी जाएगी।
महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत का लक्ष्य अधूरा : अन्नपूर्णा देवी
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना विकसित भारत-2047 का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी न रहें, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता भी बनें। उन्होंने कहा कि सरकार बालिकाओं के जीवन के हर चरण में उन्हें सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और नव्या 2.0 इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि योजना की सफलता केवल प्रशिक्षण में नामांकन तक सीमित नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक युवती और उसके परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए प्रशिक्षण के बाद आजीविका के अवसरों तक पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए राज्य नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी और डिजिटल पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थियों की प्रगति पर नजर रखी जाएगी।
नए और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण
जयंत चौधरी ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की वास्तविक सफलता प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले रोजगार और आजीविका के अवसरों से तय होती है। नव्या 2.0 के माध्यम से विशेष रूप से वंचित और पिछड़े क्षेत्रों की युवतियों को नए करियर विकल्पों, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी बढ़ाना और उन्हें नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करना विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आवश्यक है। योजना के पायलट चरण में किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया था। अब इसका दायरा बढ़ाकर नई पीढ़ी के रोजगार क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।
उत्तराखंड में 482 आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत बनाए गए पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) 4.0 के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, सचिव अनिल मलिक सहित दोनों केंद्रीय मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नव्या 2.0 के माध्यम से सरकार का लक्ष्य युवतियों को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनके कौशल को रोजगार और स्थायी आजीविका में बदलने के अवसर उपलब्ध कराना है। इससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और कार्यबल में उनकी भागीदारी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
