दो दिवसीय बैठक में जिलों की चुनावी रणनीति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर मंथन; 21 केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियों ने भी दिया प्रस्तुतीकरण
देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में देहरादून में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने चुनाव की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी साझा की।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में हुई बैठक में दोनों मंडलों के आयुक्त, पुलिस रेंज के प्रभारी, स्टेट पुलिस नोडल अधिकारी, सभी जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की 21 प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी चुनाव से जुड़ी तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया।
ईवीएम की जांच और चुनावी तैयारियों पर चर्चा
बैठक के पहले दिन जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) से संबंधित कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें निर्वाचन आयोग की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दूसरे दिन सभी जिलाधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों में चल रही तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा बलों की तैनाती की योजना, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।




तय समयसीमा के अनुसार काम करने के निर्देश
निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्धारित चुनावी कार्ययोजना के अनुसार काम करने के निर्देश दिए। बैठक में चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय पर भी जोर दिया गया।
अर्द्धसैनिक बलों के साथ आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम समेत 21 एजेंसियों ने भी अपनी तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया। इन एजेंसियों की भूमिका चुनाव के दौरान निगरानी और नियमों के अनुपालन से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण होगी।
आयोग के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित आयोग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, आईजी नीलेश आनंद भरणे, कुमाऊं रेंज की आईजी नवनीत कुकरेती, गढ़वाल रेंज की प्रभारी आईजी विमि सचदेवा और स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके भी बैठक में शामिल हुए। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे समेत निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
