नैनीताल:
27 मार्च 2026 पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित परेड के दौरान SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जवानों की फिटनेस, अनुशासन और कार्यक्षमता का गहन आकलन किया। परेड में ड्रिल, शारीरिक क्षमता, दक्षता और वेपन हैंडलिंग की बारीकी से जांच की गई।
विभिन्न इकाइयों की प्रभावशाली भागीदारी
परेड में थानों, पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू, परिवहन शाखा सहित महिला पुलिस, यातायात, आई पुलिस, नागरिक पुलिस, अग्निशमन, डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड की टोलियों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों को परेड ड्रिल और वेपन हैंडलिंग का गहन अभ्यास कराया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला सम्मान
वेपन हैंडलिंग में बेहतर प्रदर्शन करने पर महिला आरक्षी भूमिका थापा, कांस्टेबल टीपी कृष्ण कुमार तथा सलामी गार्द और गार्द कमांडर को उनके उत्कृष्ट टर्न आउट और कमांड के लिए नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
SSP का संदेश हर परिस्थिति के लिए रहें तैयार
SSP ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल का हर सदस्य वेपन हैंडलिंग में दक्ष हो और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहे। उन्होंने महिला कर्मियों का विशेष रूप से उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें और अधिक सशक्त बनने की प्रेरणा दी।
प्रशिक्षण और व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
इस दौरान SSP ने पुलिस लाइन में चल रही रिक्रूट्स की GTC ट्रेनिंग का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड के बाद मैस, पुलिस कैंटीन, सीपीसी कैंटीन और एमटी शाखा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
पौष्टिक भोजन और वाहनों की फिटनेस पर जोर
मैस प्रभारी को जवानों के लिए पौष्टिक आहार, मौसमी सब्जियां और शुद्ध पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरकारी वाहनों की लॉग बुक, फिटनेस और मेंटेनेंस की जांच कर उन्हें सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने को कहा गया।
इस मौके पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सीओ रामनगर सुमित पांडे समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
