बीमा सबके लिए’ अभियान को नई गति: IRDAI ने बीमा जागरूकता बढ़ाने के लिए लॉन्च की कॉमिक बुक श्रृंखला

मुंबई। देश में बीमा साक्षरता को बढ़ावा देने और आम लोगों तक जीवन बीमा की जानकारी सरल भाषा में पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने एक नई पहल शुरू की है। राष्ट्रीय बीमा जागरूकता दिवस के अवसर पर IRDAI के अध्यक्ष अजय सेठ ने उपभोक्ता जागरूकता पर आधारित कॉमिक बुक श्रृंखला का अनावरण किया। इस पहल का उद्देश्य ‘बीमा सबके लिए’ (Insurance for All) के विजन को साकार करना और लोगों को जीवन बीमा के महत्व के प्रति जागरूक बनाना है।

कार्यक्रम में जीवन बीमा क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर आकर बीमा को अधिक सरल, सुलभ और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

कहानियों के जरिए समझाई जाएगी बीमा की अहम बातें

नई कॉमिक बुक श्रृंखला में जीवन बीमा से जुड़ी जटिल अवधारणाओं जैसे Married Women’s Property (MWP) Act, Waiver of Premium (WoP) और Critical Illness Rider को सरल कहानियों और रोजमर्रा के उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया है।

कॉमिक्स की मुख्य पात्र ‘सुप्रिया’, एक युवा जीवन बीमा सलाहकार है, जिसकी वास्तविक जीवन से प्रेरित कहानियों के माध्यम से लोगों को वित्तीय सुरक्षा और भविष्य की योजना का महत्व समझाया जाएगा।

परिवारों की आर्थिक सुरक्षा पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए IAC-Life के अध्यक्ष कमलेश राव ने कहा कि भारत के विकास के साथ प्रत्येक परिवार की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘बीमा सबके लिए’ केवल बीमा उत्पादों की पहुंच बढ़ाने का अभियान नहीं, बल्कि हर भारतीय परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का मिशन है।

उन्होंने बताया कि उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘बीमा सबसे पहले’ अभियान का दूसरा चरण भी जारी है और आने वाले समय में बीमा साक्षरता को और मजबूत करने के लिए कई नई पहल की जाएंगी।

जीवन बीमा को बनाया जाएगा अधिक सरल और सुलभ

लाइफ इंश्योरेंस काउंसिल के महासचिव आदित्य गुप्ता ने कहा कि जीवन बीमा केवल एक वित्तीय उत्पाद नहीं, बल्कि परिवारों के भविष्य की सुरक्षा का भरोसा है। उन्होंने कहा कि कॉमिक बुक श्रृंखला कहानी आधारित सीखने के माध्यम से लोगों को जीवन बीमा की उपयोगिता समझाने का एक अभिनव प्रयास है।

बीमा जागरूकता पर विशेषज्ञों की चर्चा

कार्यक्रम के दौरान ‘India Asks: Why Prioritize Life Insurance?’ विषय पर एक विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें IAC-Life के अध्यक्ष कमलेश राव, LIC के प्रबंध निदेशक दोराईस्वामी, PNB MetLife के एमडी एवं सीईओ समीर बंसल तथा IndiaFirst Life Insurance के एमडी एवं सीईओ रुशभ गांधी ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने जीवन बीमा की आवश्यकता, वित्तीय सुरक्षा और देश में बीमा की पहुंच बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।

बीमा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भागीदारी

कार्यक्रम में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जीवन बीमा उद्योग ने नए व्यवसाय प्रीमियम (NBP) में 15.7 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। इस अवधि में 2.83 करोड़ से अधिक नई बीमा पॉलिसियां जारी की गईं। इसके बावजूद विशेषज्ञों का मानना है कि देश में बीमा की पहुंच अभी भी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंची है। ऐसे में जागरूकता, वित्तीय साक्षरता और उपभोक्ता विश्वास बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

बीमा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि ‘बीमा सबके लिए’ अभियान और नई कॉमिक बुक श्रृंखला देशभर में बीमा जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक भारतीय परिवार को वित्तीय सुरक्षा के दायरे में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *